जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना को 22 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. इस मामले में 20 वर्षीय सजाउल हक उर्फ नवाब पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी अभी भी फरार हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर कुली रोड निवासी सनाउल्लाह हक उर्फ कलाम के पुत्र सजाउल हक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया था. हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद परिजनों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी जान बच गई. फिलहाल वह घर पर इलाजरत है, लेकिन अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है.
सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है. फुटेज में हमलावरों की तस्वीरें भी साफ देखी जा सकती हैं, इसके बावजूद पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है. परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे. स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर चिंता जताते हुए क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई कर पाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाएगी.
Report by Afroz Mallik

