सरायकेला: जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी से गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेशधारी एवं समरेंद्र नाथ तिवारी ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान नेताद्वय ने एसपी को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया और जिले में विधि- व्यवस्था को लेकर संक्षिप्त चर्चा भी की.

बताया गया कि एसपी उस समय क्राइम मीटिंग में व्यस्त थीं, बावजूद इसके उन्होंने जनप्रतिनिधियों का अभिवादन स्वीकार किया और सकारात्मक संवाद कायम रखा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और आमजन की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी.
इस संक्षिप्त मुलाकात के दौरान ही एसपी निधि द्विवेदी के सहज, विनम्र और सकारात्मक व्यवहार की झलक देखने को मिली. जनप्रतिनिधियों ने भी उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम लोगों को न्याय और सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा. नेताओं ने कहा कि पुलिस- प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय से ही क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सकता है. वहीं एसपी ने भी जनसहभागिता को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने का भरोसा दिलाया.

