घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक समीक्षा और निरीक्षण अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने क्षेत्र का दौरा कर जन शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया.

एसडीपीओ घाटशिला के कैंप कार्यालय में विभिन्न ग्रामीण थानों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया. इससे आम लोगों को त्वरित राहत मिली.
इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों का औचक निरीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के क्रम में थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, पुलिस पदाधिकारियों के कार्य बंटवारे और सिरिस्ता अभिलेखों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई. साथ ही लंबित वारंट, कुर्की और सम्मन के निष्पादन को लेकर सख्त निर्देश दिए गए.
पुलिस अधिकारियों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, आरोप पत्रित अपराधियों के भौतिक सत्यापन, लंबित चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन को शीघ्र पूरा करने और CCTNS में सभी प्रविष्टियों को अपडेट रखने के निर्देश दिए.
इसके अलावा ई-साक्ष्य (e-evidence) से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया को और मजबूत बनाने पर जोर दिया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.

