बाढ़: बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ में एक प्रसूता ने अस्पताल के बाहर सीढ़ियों पर ही बच्चे को जन्म दे दिया, जबकि अस्पताल प्रबंधन करीब आधे घंटे तक स्थिति को समझ ही नहीं सका.

बताया जाता है कि उमानाथ मोहल्ला निवासी ममता देवी को घर पर प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें ई-रिक्शा से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. ई- रिक्शा चालक ने उन्हें पुराने भवन के पास उतार दिया, जहां से करीब 100 मीटर पैदल चलकर वह नए भवन के प्रवेश द्वार तक पहुंचीं.
इसी दौरान तेज प्रसव पीड़ा के कारण वह सीढ़ियों पर ही रुक गईं. साथ मौजूद महिला परिजन उन्हें संभालती रहीं, लेकिन अस्पताल कर्मियों को स्थिति समझने में देर हो गई. करीब आधे घंटे बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया, तब तक महिला ने सीढ़ियों पर ही नवजात को जन्म दे दिया.
घटना के दौरान मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए. प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा को अस्पताल के अंदर ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया. फिलहाल दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं. इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जिम्मेदारों पर कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग की है.

