सरायकेला: जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में विभागीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बीते 15 दिनों से सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं.

मामला भाभी होटल के सामने का है, जहां सरकारी जलापूर्ति पाइपलाइन की लिंकेज मरम्मत के लिए सड़क किनारे दो बड़े गड्ढे खोदे गए थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन अधूरा छोड़ दिया गया. आज तक न तो गड्ढों को भरा गया है और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

यह मार्ग काफी व्यस्त माना जाता है. इसी रास्ते से हर दिन स्कूल जाने वाले बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और सैकड़ों राहगीर गुजरते हैं. ऐसे में सड़क किनारे खुले गड्ढे लगातार खतरे का कारण बने हुए हैं. खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढे साफ दिखाई नहीं देते और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है.
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित विभाग की लापरवाही साफ तौर पर दिख रही है. गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. इससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों के लिए जोखिम और बढ़ गया है.
क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि अगर समय रहते गड्ढों को भरकर सड़क को सुरक्षित नहीं बनाया गया, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर इन खुले गड्ढों की वजह से कोई जान जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा ? क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है ? स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद और जलापूर्ति विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए गड्ढों को भरने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.
Report By Afroz Mallik

