सरायकेला: जिले के आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय सभागार में मंगलवार को जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत महापौर संजय सरदार, प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप महापौर अंकुर सिंह, चार्ज जनगणना पदाधिकारी सह उप नगर आयुक्त पारुल सिंह तथा मास्टर ट्रेनर सह सहायक नगर आयुक्त विपुल सन्नी ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस मौके पर महापौर संजय सरदार ने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से ही विकास योजनाओं की सही रूपरेखा तय होती है और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलता है.
प्रधान जनगणना पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2027 की जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी. इसके तहत मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए डेटा संग्रह किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस बार कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिससे जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का व्यापक आंकलन किया जा सके.
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लोग स्वयं भी Self Enumeration के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे. जनगणना दो चरणों में पूरी होगी, जिसमें पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस के तहत घर, सुविधाएं और संपत्ति से जुड़ी जानकारी ली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या, आयु, शिक्षा और रोजगार से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे.
प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया कि जनगणना से संबंधित सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाएगा.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कुल 6 बैच में लगभग 250 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा. प्रथम बैच के लिए फील्ड ट्रेनर के रूप में धीरेंद्र कुमार तिवारी और अनिल कुमार सिंह को नामित किया गया है. प्रशिक्षण के माध्यम से सभी कर्मियों को डिजिटल प्रक्रिया, डेटा संग्रहण और फील्ड कार्य की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है.

