
जामताड़ा: पुराना कोर्ट परिसर में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है. जामिया मिस्बाह लील बनात ट्रस्ट की ओर से यहां पेयजल केंद्र की शुरुआत की गई है, जहां ठंडे पानी के साथ चना, खीरा, गाजर, तरबूज सहित अन्य ताजगी देने वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
इस सेवा का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र राउत ने फीता काटकर किया.
उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने ट्रस्ट की इस पहल की जमकर सराहना की. कोर्ट परिसर में आने वाले वादकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी और आम लोगों के लिए यह केंद्र राहत का बड़ा साधन बन गया है.
ट्रस्ट के संस्थापक हाफिज नाज़ीर हुसैन ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए यह केंद्र शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में रोजाना दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिन्हें पानी और हल्के नाश्ते के लिए परेशानी होती थी. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है.
उन्होंने आगे बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है. आने वाले दिनों में सुभाष चौक समेत शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इस तरह के पेयजल और राहत केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और आम नागरिकों को गर्मी से राहत मिल सके.
उद्घाटन के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने ठंडा पानी और फल का सेवन किया और इस मानवीय पहल की सराहना की. स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में इस तरह की व्यवस्था जरूरतमंदों के लिए बेहद उपयोगी है. समाजसेवा और जनहित के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल न केवल लोगों को राहत दे रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दे रही है.
Report By Manish Baranwal

