जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में साइबर अपराधियों की एक नई चाल सामने आई है, जहां उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है. जानकारी के अनुसार +62851-7749-2564 नंबर से आलोक कुमार के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर यह फेक अकाउंट तैयार किया गया है.

मामले की जानकारी मिलते ही उपायुक्त आलोक कुमार ने स्वयं इसकी पुष्टि की और जिलेवासियों को सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी उनके नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर लोगों को मैसेज भेज रहे हैं, जिससे आर्थिक ठगी की आशंका है.
डीसी ने स्पष्ट किया कि इस नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और तुरंत उसे ब्लॉक कर दें. यदि कोई व्यक्ति इस फर्जी अकाउंट के जरिए पैसे की मांग करता है, तो उसे नजरअंदाज करते हुए तत्काल साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं.
उपायुक्त ने यह भी बताया कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिला प्रशासन से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें.
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले संदेशों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत या आर्थिक जानकारी साझा करने से बचें.

