चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बैटरी मालवाहक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में चालक समेत उसका एक दोस्त घायल हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार आसमानी रंग की बैटरी मालवाहक टेंपो (नंबर JH05DO 1418) तेज रफ्तार में गैस गोदाम रोड से गुजर रही थी. इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो सड़क किनारे पलट गई.
घटना के समय वाहन में चालक और उसका एक दोस्त सवार थे. हादसे के बाद आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है.
दुर्घटना में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

