जामताड़ा/ Manish Baranwal चित्तरंजन रेलवे स्टेशन प्रबंधन द्वारा सोमवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान स्टेशन प्रबंधक अशोक कुमार शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य प्रबंधक पीसी भाष्कर और आरपीएफ जवानों ने माइकिंग कर यात्रियों और आसपास के लोगों को साफ- सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया.

अभियान के तहत स्टेशन परिसर में कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई. साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग 419 के किनारे स्थित दुकानदारों और मकान मालिकों से प्लास्टिक और घरेलू कचरा रेलवे परिसर में नहीं डालने का अनुरोध किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में कचरा और प्लास्टिक फेंकने से आग लगने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा गंदगी से वातावरण भी दूषित होता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. हाल ही में कचड़े के कारण एक बड़ी घटना टल गई थी. स्टेशन परिसर के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के आसपास कचरे में आग लग गई थी, जो फैलकर गंभीर रूप ले सकती थी. हालांकि समय रहते रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
रेलवे प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि स्टेशन को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके.

