कपाली/ Afroz Mallik नगर परिषद क्षेत्र में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं, लेकिन अब तक न तो नगर परिषद और न ही संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया है.

हांशाडुगरी काला ईंट भट्ठा के समीप सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. जगह-जगह बड़े गड्ढे, टूटी सतह और हर समय भरा रहने वाला गंदा पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है. हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है.
बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है. इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीर, बाइक सवार, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना जोखिम उठाने को मजबूर हैं.
काला ईंट भट्ठा से अलीनगर जाने वाली सड़क की हालत भी बेहद दयनीय बनी हुई है. इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार बाइक फिसलने और छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद और अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. न तो सड़क की मरम्मत की गई और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था बनाई गई है.
लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. उनका कहना है कि शायद किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी.
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके.

