चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम के सारांडा जंगल में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. जानकारी के अनुसार, जराईकेला थाना क्षेत्र के बाबूडेरा जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों का नक्सलियों से आमना- सामना हो गया. सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है.

सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों के मारे जाने की भी खबर सामने आ रही है, हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इस अभियान में CRPF की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान संयुक्त रूप से शामिल हैं.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मुठभेड़ इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ होने की आशंका है. फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है.
गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय नक्सलियों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह मुठभेड़ हुई है.

