गम्हरिया: सरायकेला जिले के छोटा गम्हरिया में बालिका विकास केंद्र का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त नितीश कुमार सिंह द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मिराज, जिला बाल कल्याण पदाधिकारी संतोष ठाकुर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी निवेदिता राय सहित संबंधित संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

गौरतलब है कि यह केंद्र जिले का पहला बालिका गृह है, जहां उन बच्चियों को संरक्षण प्रदान किया जाएगा जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गई हैं, भटक गई हैं या जिन्हें पुनर्वास की आवश्यकता है. इस संस्थान के माध्यम से ऐसी बच्चियों को सुरक्षित वातावरण, देखभाल और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
अपने संबोधन में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने संस्थान के बेहतर संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाओं की आवश्यकता किसी भी बालिका को न पड़े, लेकिन यदि विशेष परिस्थितियों में जरूरत उत्पन्न होती है तो यह केंद्र उन्हें हर संभव सुविधा और संरक्षण प्रदान करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस संस्थान में बच्चियों के लिए रहने, खाने, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि उनका समुचित विकास और देखभाल सुनिश्चित हो सके.
यह पहल जिले में सामाजिक सुरक्षा और बाल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे जरूरतमंद बच्चियों को नया जीवन और बेहतर भविष्य मिल सकेगा.

