जमशेदपुर/ Varun Kumar रेलवे से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है, जहां दक्षिण पूर्व रेलवे को नया महाप्रबंधक मिल गया है. भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी अनिल कुमार जैन ने इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभाल ली है. उन्होंने अनिल कुमार मिश्रा का स्थान लिया है, जो 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो गए. सेवानिवृत्ति और नए महाप्रबंधक की नियुक्ति के बीच के अंतराल में सौमित्र मजूमदार ने कार्यवाहक महाप्रबंधक के रूप में विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया.

अनिल कुमार जैन भारतीय रेलवे विद्युत इंजीनियरिंग सेवा (IRSEE) के 1990 बैच के अधिकारी हैं और उन्हें रेलवे के विभिन्न अहम पदों पर कार्य करने का लंबा अनुभव है. अपने करियर के दौरान उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर तथा राजकोट मंडल के मंडल रेल प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं. उनके नेतृत्व में कई परियोजनाओं में सुरक्षा, योजना निर्माण और डिज़ाइन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिले हैं. प्रशासनिक दक्षता और तकनीकी विशेषज्ञता के लिए वे जाने जाते हैं.
शैक्षणिक दृष्टि से भी वे बेहद सशक्त हैं. उन्होंने आईआईटी दिल्ली से एमटेक में गोल्ड मेडल हासिल किया है और मणिपाल विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री प्राप्त की है. साथ ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेलवे प्रणाली का भी व्यापक अनुभव है.
दक्षिण पूर्व रेलवे देश के प्रमुख रेलवे जोनों में शामिल है, जहां संचालन, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा और आधारभूत संरचना के विकास में महाप्रबंधक की भूमिका अहम होती है. ऐसे में अनिल कुमार जैन के नेतृत्व से रेलवे को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी उनके पदभार ग्रहण करने को लेकर सकारात्मक माहौल है और सभी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की है.

