जमशेदपुर: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे चार अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा प्राथमिक विद्यालय के पास छापेमारी कर पुलिस ने चार युवकों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन सिंह, रौशन कुमार, आजाद पाल और शिवनारायण रजक के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार 7 और 8 अप्रैल की रात करीब तीन बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी क्षेत्र में लूट की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई और चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और तीन अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं.
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है. इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

