चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिला के सारंडा जंगल के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालिबा जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में एक जवान घायल हो गया. घायल जवान की पहचान अनुज कुमार के रूप में हुई है, जो कोबरा बटालियन का सदस्य है. बताया जा रहा है कि जवान के पैर में हल्की चोट आई है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है.

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे जवान घायल हो गया.
घटना के बाद घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी की जा रही है, जहां बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा. विस्फोट के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है.

