चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दोड़बो गांव में पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना बीती रात या अहले सुबह की है. दंपति अपने कमरे में सो रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.


घटना के समय घर के दूसरे कमरे में सो रहे उनके दो बच्चों को इसकी भनक तक नहीं लगी. सुबह उठने पर बच्चों ने अपने माता- पिता को खून से लथपथ देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. उस समय महिला की सांस चल रही थी, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोईलकेरा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. हालांकि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है. मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

