सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड के खप्परसाईं प्राथमिक विद्यालय में छज्जा गिरने की घटना के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. इस हादसे में तीन छात्र घायल हो गए थे, जिसके बाद पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे. उनके निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा को घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया. जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर सरायकेला प्रखंड के बीपीओ सांत्वना जेना को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

अधिकारियों ने साफ कहा है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद समय पर सूचना नहीं देना घोर लापरवाही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और त्वरित जांच के आदेश दिए गए. जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. जल्द ही स्कूल को शिफ्ट किया जाएगा ताकि पढ़ाई बाधित न हो और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
खप्परसाईं स्कूल हादसा अब प्रशासनिक सख्ती का कारण बन गया है. लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत साफ हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है.

