सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के सरायकेला- खरसावां मार्ग पर मुक्ति पोखर के पास ट्रक की तेज हेडलाइट से अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल युवक को पेट्रोलिंग वाहन से उठाकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय राजू महतो के रूप में हुई है, जो खरसावां प्रखंड के बंदीराम गांव का निवासी है.
बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ टीउनिया गांव में मेला देखने गया था. मेला देखकर लौटने के दौरान मुक्ति पोखर के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रक की तेज हेडलाइट आंखों में पड़ने से उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया. इस हादसे में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.

