आदित्यपुर: नगर निगम चुनाव सम्पन्न होने के बाद जहां एक ओर डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं वार्ड 17 की नव निर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान में जुट गई हैं.

डिप्टी मेयर पद के संभावित प्रत्याशी जहां पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार लॉबिंग में लगे हुए हैं, वहीं नीतू शर्मा इन सब से दूर अपने पुराने अंदाज में जनता की सेवा को प्राथमिकता दे रही हैं. सुबह से लेकर देर रात तक वार्ड के लोगों से मिलना, उनकी समस्याएं सुनना और समाधान की दिशा में पहल करना उनकी दिनचर्या में शामिल हो गया है.
शुक्रवार को पार्षद नीतू शर्मा की पहल पर वार्ड 17 में लंबे समय से खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई गई. इसके अलावा जो स्ट्रीट लाइट पूरी तरह से खराब हो चुकी थीं, उन्हें बदलवाने का भी काम किया गया. इससे वार्ड के कई इलाकों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है.
नीतू शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें जिस जिम्मेदारी के लिए चुना है, वह उसी काम को प्राथमिकता दे रही हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके लिए डिप्टी मेयर चुनाव की लॉबिंग कोई मायने नहीं रखती. उन्हें केवल अपना एक वोट देना है और समय आने पर वह योग्य प्रत्याशी को ही समर्थन देंगी.
उन्होंने यह भी कहा कि समर्थन या विरोध की राजनीति से वह खुद को दूर रखती हैं. पहले यह देखना होगा कि डिप्टी मेयर पद के लिए कौन-कौन प्रत्याशी सामने आते हैं, उसके बाद ही फैसला लिया जाएगा.
किसी प्रत्याशी के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि कई लोगों ने उनसे संपर्क किया है, लेकिन अभी तक उन्होंने किसी को समर्थन का आश्वासन नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि समय आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.

