लोहरदगा: जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लोहरदगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 433 किलो गांजा बरामद किया है और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

मामले का खुलासा लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया.
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक एलपी ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा लोड कर लोहरदगा के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर जांच अभियान चलाया.
जांच के दौरान सदर थाना क्षेत्र के कचहरी चौक के समीप संदिग्ध एलपी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक से 433 किलो गांजा बरामद किया गया. इसके बाद ट्रक को जब्त करते हुए मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी शमशेर अली और उत्तर प्रदेश निवासी इकराम खान के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

