जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में घर से सोना- चांदी के गहने चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से करीब 2.60 लाख रुपये मूल्य के गहने भी बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार वादी पुष्पी देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि एक महिला, जो उनकी बहन की सास बताकर घर आई थी, उसने विश्वास में लेकर उनके घर से सोना और चांदी के गहने चुरा लिए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला पूजा कुमारी को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के गहने अजित कुमार के पास से बरामद किए गए.
सिटी एसपी ने बताया कि बरामद गहनों में सोने का एक इयररिंग (लगभग 12.5 ग्राम), सोने का नाक का बेसर, चांदी का पायल (दो पीस) और चांदी की चेन शामिल है. इन सभी गहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.60 लाख रुपये बताई गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में पूजा कुमारी (उम्र 31 वर्ष), पति विनोद पांडेय, निवासी मानगो टाउनशिप, गोकुलनगर, साकची थाना क्षेत्र और अजित कुमार (उम्र 62 वर्ष), पिता रामाशंकर, निवासी काशीडीह, साकची थाना क्षेत्र शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. इसकी जानकारी गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने दी.

