जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर ठगी के एक बड़े मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने जामताड़ा जिले के करमाटांड़ में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर मुंबई के एक हाई प्रोफाइल व्यक्ति के बैंक खाते से 6 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है.

बुधवार को महाराष्ट्र के कफ परेड थाना (मुंबई) की पुलिस टीम जामताड़ा पहुंची और करमाटांड़ थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी के साथ संयुक्त अभियान चलाया. पुलिस ने ईदगाह मोड़ के फूकबंदी गांव में छापेमारी कर मजहर आलम को गिरफ्तार किया.
बताया जाता है कि मजहर आलम ईदगाह मोड़ स्थित अलीफा हार्डवेयर नामक दुकान का संचालक है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक एप्पल मोबाइल फोन सहित कुल पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोनों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था. मामले में पुलिस ने अन्य संदिग्धों के घरों पर भी छापेमारी की, लेकिन वे मौके से फरार मिले.
मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर रूपेश राजेंद्र भागवत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कफ परेड मुंबई थाना कांड संख्या 52/26 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी को लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि इस साइबर ठगी गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

