आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव शुरू होने के साथ ही एक बार फिर शहरी कचरे के निपटान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा के अनुरोध पर बुधवार से नगर निगम क्षेत्र से कचरे का उठाव शुरू कर दिया गया है, लेकिन कचरे को वार्ड संख्या 2 स्थित सिटी सेंटर की जमीन पर ही डंप किया जा रहा है.

कचरा डंप किए जाने से आसपास के क्षेत्रों में बदबू फैलने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले इसी स्थल पर डंप किए गए कचरे में आग लग गई थी. उस आग से निकल रहे जहरीले धुएं और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद जियाडा प्रशासन ने इस जमीन पर कचरा फेंकने पर रोक लगा दी थी. इसके बाद से ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव कार्य बंद हो गया था.
हालांकि लगातार बढ़ते दबाव और सामाजिक संगठनों की मांग के बाद बुधवार से दोबारा कचरा उठाव शुरू किया गया. लेकिन कचरे को फिर से उसी स्थल पर डंप किए जाने से औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही कचरा निपटान के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र में गंभीर जनस्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है.

