चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक आयोजनों के दौरान होने वाली पानी की समस्या को दूर करने के लिए विधायक सविता महतो ने पहल की है. विधायक योजना के तहत क्षेत्र के चारों प्रखंड चांडिल, नीमडीह, कुकड़ू और ईचागढ़ के साथ ही कपाली नगर परिषद के लिए पानी टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

बुधवार को चांडिल के भुईयांडीह में विधायक सविता महतो ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर पांच पानी टैंकर का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शादी- विवाह, श्राद्धकर्म और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान अक्सर पानी की समस्या सामने आती है. इसी समस्या को देखते हुए यह पहल की गई है.

विधायक ने बताया कि क्षेत्र के लिए कुल दस पानी टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. फिलहाल 8 लाख 13 हजार रुपये की लागत से तैयार पांच टैंकर क्षेत्र को दिए गए हैं, जबकि शेष पांच टैंकर भी जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी क्षेत्र में दस पानी टैंकर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिल रही है और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान पानी की दिक्कत कम हुई है.
इस अवसर पर जिला पार्षद सह महिला मोर्चा की जिला सचिव पिंकी लायेक, झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, दिलीप महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण किशोर महतो, प्रखंड सह सचिव विश्वनाथ गोप, मिलन तंतुबाई, राहुल वर्मा, कृपाकर महतो, बादल महतो, दराईबुरु हांसदा, डब्लू समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.

