सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मानवता का परिचय देते हुए एक असहाय वृद्धा की मदद कर समाज के सामने मिसाल पेश की. सरगीडीह स्कूल में वृद्धा की दयनीय स्थिति की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाज की व्यवस्था कराई और बाद में उनके परिजनों का पता लगाकर उन्हें सकुशल सौंप दिया.

जानकारी के अनुसार सरगीडीह स्कूल परिसर में एक वृद्धा के असहाय हालत में होने की सूचना शिक्षक मनोज प्रधान और वार्ड पार्षद के पति द्वारा दी गई थी. सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी झामुमो के जिला उपाध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंचे.
वृद्धा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज शुरू कराया गया.
इसके बाद मनोज चौधरी ने काफी प्रयास और खोजबीन कर वृद्धा के परिजनों का पता लगाया. उपचार के बाद वृद्धा को टेटोपोसी गांव निवासी कृष्णा महतो को सौंप दिया गया. लंबे समय बाद अपनी मां को सकुशल देखकर कृष्णा महतो भावुक हो गए और मनोज चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया.
मनोज चौधरी की इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है. स्थानीय लोगों ने उनके इस कार्य को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया है.

