सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में साप्ताहिक हाट लगाने की कोशिश को लेकर खिलाड़ियों में नाराजगी देखी जा रही है. खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने उपायुक्त को आवेदन देकर स्टेडियम परिसर में हाट बाजार लगाने पर रोक लगाने की मांग की है.

दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 6 मार्च को कुछ लोगों द्वारा साप्ताहिक हाट के सब्जी विक्रेताओं को भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम के अंदर बैठाने का प्रयास किया जा रहा था. उस समय स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों ने इसका विरोध करते हुए इसे खेल गतिविधियों के लिए अनुचित बताया.
खिलाड़ियों का कहना है कि भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम सरायकेला नगर क्षेत्र का प्रमुख खेल मैदान है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं. इसके अलावा सेना, पुलिस और अन्य बहाली प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी भी इसी मैदान में नियमित अभ्यास करते हैं.
ऐसे में स्टेडियम परिसर में साप्ताहिक हाट लगने से खेल गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है. खिलाड़ियों ने प्रशासन से मांग की है कि खेल और खिलाड़ियों के हित को देखते हुए स्टेडियम परिसर में हाट लगाने पर रोक लगाई जाए.
साथ ही स्टेडियम के अंदर होने वाली अन्य अनियमित गतिविधियों पर भी सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल में अभ्यास करने का अवसर मिल सके. इस संबंध में दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी और नगर पंचायत प्रशासक को भी भेजी गई है.

