सरायकेला: जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के श्वसुर और झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो के पिता स्वर्गीय राजकिशोर महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की.

इस अवसर पर सोनाराम बोदरा ने कहा कि स्व. राजकिशोर महतो एक सरल, मिलनसार और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे. उन्होंने अपने जीवन में समाज के हित में कई कार्य किए और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई. उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है.
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की. ज्ञात हो कि स्व. राजकिशोर महतो का बीते 26 फरवरी को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी. स्व. महतो अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.
श्राद्ध कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे, जिन्होंने स्व. राजकिशोर महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

