सरायकेला: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को कांड्रा टोल मोड़ के पास यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान ट्रक एंड ड्राइव तथा सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई.

जानकारी के अनुसार गुरुवार को शाम करीब 5 बजे से यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में कांड्रा टोल मोड़ के समीप सघन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान में यातायात थाना में पदस्थापित पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे.
जांच के दौरान मोटरसाइकिल से लेकर सभी प्रकार के छोटे और बड़े वाहनों की जांच की गई. इसी क्रम में वाहन संख्या JH05BB- 3312 के चालक हरिराम सरदार को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया. ब्रेथ एनालाइजर से जांच में चालक के शरीर में 335 एमजी अल्कोहल की पुष्टि हुई. इसके बाद वाहन मालिक को सूचना देते हुए यातायात नियमों के तहत चालक के खिलाफ जुर्माना किया गया. इसके अलावा जांच के दौरान तीन सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक करीब 30 यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाते हुए पाया गया. ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना किया गया.
यातायात थाना की ओर से जिले के आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए ही वाहन चलाएं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

