चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां डोबो गांव के पुल के समीप एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चालक के वाहन के नीचे दबने से मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर हल्का मोड़ है. तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अचानक संतुलन खो बैठा और पुलिया के पास पलट गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक वाहन के नीचे फंसा हुआ है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. अन्य संसाधनों की मदद से ट्रेलर को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि फंसे चालक को बाहर निकाला जा सके.
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुधार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ट्रेलर के मालिक और परिवहन दस्तावेजों की भी जांच कर रही है.

