चांडिल/ Vikash Thakur आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी कौशल कुमार ने की. बैठक में कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला सिंह पातर, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, विभिन्न पंचायतों के मुखिया प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

होली के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने, डीजे संचालन पर नियंत्रण, जुलूस के निर्धारित मार्ग, आपसी समन्वय तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति डीजे संचालन या निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी.

बैठक के दौरान क्षेत्र में हाल के दिनों में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों पर भी गंभीर मंथन हुआ. थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें. यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल थाना को सूचित करें. कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
अंत में उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि होली का पर्व भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में त्योहार सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

