जामताड़ा/ Manish Baranwal आगामी होली पर्व को लेकर समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में शनिवार को केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की.


उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि होली को हुड़दंग के रूप में नहीं, बल्कि मर्यादा और संयम के साथ मनाया जाए. उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, ऐसे में सभी लोग एक- दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं. उन्होंने सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील करते हुए कहा कि बिना सत्यापन किसी भी प्रकार का पोस्ट न करें और न ही उसे साझा करें. जिला प्रशासन द्वारा फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्माद फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि होली के दिन ड्राई डे रहेगा और शराब की खरीद- बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होगी. साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंगों की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने कहा कि होली पर जबरन किसी को रंग न लगाएं. माता- पिता और अभिभावक अपने बच्चों पर नजर रखें. किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल प्रशासन को दें.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि शांति समिति विधि- व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है. जिले भर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और होली के दिन विशेष क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी. उन्होंने अवैध शराब, रैश ड्राइविंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया.
अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने बैठक के एजेंडा पर विस्तार से जानकारी देते हुए शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों और केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया. प्रशासन ने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन वाहन की तैनाती तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि यथासंभव रासायनिक रंगों की जगह ऑर्गेनिक गुलाल का प्रयोग करें और शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाएं.

