चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत डोमलाई गांव के उरांव टोला में बीती रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच एक जंगली दांतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने बारी- बारी से तीन घरों को निशाना बनाते हुए दीवारें तोड़ दीं और घरों में रखे चावल व अनाज को खाकर बिखेर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

पहली घटना लहरू कच्छप के घर में हुई. उस समय घर में लहरू कच्छप की मां करमी कच्छप. पत्नी और बच्चे सो रहे थे. अचानक जंगली हाथी ने घर पर हमला कर आगे और पीछे दोनों ओर की दीवार तोड़ डाली. जान बचाने के लिए परिवार के सभी सदस्य पलंग के नीचे छिप गए. कुछ ही देर में दीवार का मलबा और ऊपर लगा एस्बेस्टस पलंग पर आ गिरा. संयोग से सभी सुरक्षित रहे.

पीड़ित परिवार ने बताया कि बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हो रही थी. किसी तरह मोबाइल से आसपास के लोगों को सूचना दी गई. ग्रामीणों के पहुंचने के बाद ही वे सुरक्षित बाहर निकल सके.
इसके बाद हाथी ने कुछ दूरी पर स्थित सोनू टोप्पो के घर को निशाना बनाया. हाथी ने दरवाजे पर जोरदार धक्का मारा और दीवार में दांत घुसाने की कोशिश की. जब दीवार नहीं टूटी तो वह घर के पीछे गया. वहां खपड़ा छत को खींचकर हटाया और दीवार तोड़ दी. हाथी ने दो पैर घर के अंदर रखकर डेगची में रखे चावल को सूंड से निकालकर फेंक दिया और काफी अनाज नष्ट कर दिया.
सोनू टोप्पो ने बताया कि पूरी घटना उनकी आंखों के सामने हुई. उन्होंने कहा कि अगर वे पलंग के नीचे नहीं छिपते तो जान का खतरा हो सकता था. घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है.

ग्रामीणों ने हाथियों के बढ़ते आतंक से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोग भयभीत हैं और रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं.

