रांची: रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 विमान VT-AJV, जो “रांची- दिल्ली” सेक्टर पर मेडिकल इवैक्यूएशन यानी एयर एंबुलेंस उड़ान संचालित कर रहा था, झारखंड के चतरा जिले के कसारिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में दो क्रू मेंबर सहित कुल सात लोग सवार थे. विमान ने रांची से शाम 19:11 बजे उड़ान भरी थी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में एक मरीज, उसके परिजन, एक डॉक्टर एक मेल नर्स और दो क्रू मेंबर सहित कुल सात लोगों के विमान में होने की पुष्टि की जा रही है. विमान में सवार लोगों की पहचान रितेश कुमार, सचिन कुमार मिश्रा, विकास कुमार गुप्ता, अर्चना देवी और ध्रुव कुमार के रूप में हुई है. सभी की सुरक्षा को लेकर परिजन और प्रशासन चिंतित हैं.
बताया जा रहा है कि कोलकाता से संपर्क स्थापित करने के बाद 19:34 बजे विमान का संचार और रडार संपर्क टूट गया. यह संपर्क वाराणसी के दक्षिण- पूर्व में लगभग 100 नॉटिकल मील की दूरी पर समाप्त हुआ. जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत कार्य जारी है. साथ ही विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की टीम को जांच के लिए रवाना किया जा रहा है.

