जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर मोड़ के पास रविवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने 40 वर्षीय फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना उस समय हुई जब फुरकान अंसारी नाश्ता करने के लिए एक दुकान पर गए थे.

बताया जा रहा है कि दो अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और फुरकान अंसारी के मुंह में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में फायरिंग की और फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल फुरकान को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.

