आदित्यपुर: झारखंड में निकाय चुनाव के प्रचार- प्रसार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. सरायकेला- खरसावां जिला अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 29 में प्रत्याशी अर्चना कुमारी की भव्य पदयात्रा ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया.

पदयात्रा में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष मतदाता शामिल हुए. युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस शक्ति प्रदर्शन को और प्रभावशाली बना दिया. गली- मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक समर्थकों की भीड़ देखी गई. जगह- जगह पुष्पवर्षा कर और माल्यार्पण कर अर्चना कुमारी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
समर्थकों ने आगामी चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज कराने का संकल्प दोहराया. पदयात्रा के दौरान अर्चना कुमारी ने घर-घर जाकर मतदाताओं से आशीर्वाद और समर्थन मांगा. उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं की मजबूती और पारदर्शी कार्यशैली उनकी प्राथमिकता होगी.
गौरतलब है कि वार्ड 29 इस बार बेहद चुनौतीपूर्ण और चर्चित वार्ड माना जा रहा है. इस वार्ड से दिवंगत पार्षद राजमणि देवी की पुत्रवधू अर्चना कुमारी चुनावी मैदान में हैं. उनके सामने आदित्यपुर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष और निवर्तमान मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव की पत्नी रीता श्रीवास्तव भी मैदान में हैं. दोनों प्रभावशाली परिवारों से जुड़ी उम्मीदवारों के बीच मुकाबला कांटे का माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अंतिम दिन की यह भीड़ चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है. अब सबकी नजरें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर वार्ड 29 का प्रतिनिधि चुनेंगे.

