जामताड़ा/ Manish Baranwal मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 419 पर कुरमीपाड़ा रेल अंडरपास के समीप बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. आमने- सामने से आ रही दो ट्रकों की टक्कर के बाद एक तीसरी ट्रक भी पीछे से भिड़ गई, जिससे दुर्घटना और गंभीर हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहली ट्रक पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही थी और उसने जामताड़ा की दिशा में जा रही ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. इसी दौरान चावल लदी बिहार नंबर की एक अन्य ट्रक, जो बंगाल की ओर जा रही थी, अचानक हुए हादसे से बच नहीं सकी और दोनों ट्रकों से टकरा गई.
इस दुर्घटना में चालक और खलासी समेत कुल चार लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

