सरायकेला: झारखंड में नगर निकाय चुनाव अपने अंतिम चरण में है. 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना होनी है. इस बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन की चुनाव प्रचार में सक्रियता को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं.

मीडिया में उनकी नाराजगी की खबरें सुर्खियों में रही हैं, हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से इसे खारिज किया जाता रहा है. सरायकेला के तीनों नगर निकायों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से चंपई सोरेन चुनाव प्रचार में सक्रिय नहीं दिखे. इसी बीच उनके पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने की खबर सामने आई है. राज्य में आठ वर्षों बाद हो रहे निकाय चुनाव को सभी दल प्रतिष्ठा का प्रश्न मान रहे हैं. ऐसे में उनके बंगाल कूच को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं.
फिलहाल इस मुद्दे पर न तो उनकी ओर से कोई औपचारिक बयान आया है और न ही पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई स्पष्ट टिप्पणी की गई है. चुनावी माहौल के बीच यह घटनाक्रम सियासी चर्चाओं को और तेज कर रहा है.

