जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम नगर क्षेत्र स्थित कुर्मी पारा इलाके में बुधवार को अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया. स्थानीय निवासी रुपेश यादव द्वारा रखी गई बिचाली के ढेर में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया.

आग की लपटों में हजारों रुपये मूल्य की बिचाली जलकर राख हो गई. घटना की सूचना मिलते ही चित्तरंजन और जामताड़ा से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. हालांकि आशंका जताई जा रही है कि किसी चिंगारी या लापरवाही के कारण यह घटना हुई होगी.
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है. आग लगने के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है.

