चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना अंतर्गत सोनुआ- गुदड़ी मुख्य मार्ग पर सारंडिया कैंप के समीप सोमवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने- सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, बालजोड़ी (घाघरासाई) निवासी रामराय मारला (40 वर्ष) और बुधलाल मारला (35 वर्ष) एक बाइक पर सवार होकर सोमवार बाजार से सोनुआ की ओर आ रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से सोनुआ बाजार से घर लौट रहे बेलडसन चंपिया (45 वर्ष), निवासी झुपरा, की बाइक से सारंडिया कैंप के पास सीधी भिड़ंत हो गई.
हादसे में बुधलाल मारला (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अन्य दोनों घायल गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

