सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के सीनी मोड़ के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चेक पोस्ट के पास सड़क किनारे रुका हुआ था. उसके पीछे एक बाइक खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से आ रही मैजिक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर सीधे ट्रक में जा भिड़ी.
हादसे में मैजिक चालक सरफुद्दीन अंसारी, उसकी तीन वर्षीय बेटी हनीफा नाज और बाइक सवार नवीन गोराई गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और मैजिक के आगे का हिस्सा तोड़कर चालक को बाहर निकाला.
घायलों को तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मैजिक चालक और बाइक सवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. जबकि तीन वर्षीय बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
जानकारी के अनुसार मैजिक चालक सरफुद्दीन अंसारी मुड़िया का निवासी है और अपनी बेटी के साथ सीनी मोड़ की ओर जा रहा था. वहीं बाइक सवार नवीन गोराई सीनी का रहने वाला है और आदित्यपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत है. ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के दौरान वह इस हादसे का शिकार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

