चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ बाजार मेन रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पैदल चल रहे वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मनोहरपुर के मनीपुर निवासी 65 वर्षीय बूढ़ान नाग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना प्रभारी शशि बाला भेंगरा दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुआ लाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि बूढ़ान नाग बाजार की ओर आ रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के कारण वृद्ध के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

