जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा के समीप शुक्रवार सुबह एक होटल में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी.

सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई. दमकल कर्मियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि यह इलाका पॉश क्षेत्र माना जाता है और आसपास कई बहुमंजिला इमारतें सटी हुई हैं.
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि होटल में आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण लगे थे या नहीं, और यदि लगे थे तो वे कार्यरत स्थिति में थे या नहीं.

