सरायकेला: नगर पालिका आम निर्वाचन- 2026 को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मतदान- पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न कोषांगों की प्रगति और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर क्षेत्र के क्रिटिकल बूथों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा और प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण तय कैलेंडर के अनुसार समय पर पूर्ण करने को कहा गया. मतपेटियों पर अंकित संख्याओं का सूची से मिलान कर प्रूफ- रीडिंग के बाद आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया. वाहन कोषांग को मतदान सामग्री के परिवहन हेतु पर्याप्त वाहनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में आदर्श आचार संहिता के अक्षरशः पालन पर विशेष बल दिया गया. सभी अभ्यर्थियों के साथ बैठक कर प्रचार-प्रसार से जुड़े नियमों की स्पष्ट जानकारी देने का निर्देश दिया गया. आरओ हैंडबुक के सभी दिशा- निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया. सभी बीडीओ, अंचलाधिकारी और संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
एसएसटी चेकपोस्टों पर टेंट, प्रकाश, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन हो. संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए शिकायतों का त्वरित निस्तारण, सुदृढ़ कानून- व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश, एसडीओ चांडिल विकास राय, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

