सरायकेला Report By Pramod Singh


खरसावां थाना क्षेत्र के शिमला के समीप सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे दो बाइक की आमने- सामने टक्कर हो गई, जिसमें दो नाबालिक और तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों में खरसावां के बेहरासाई निवासी सुनील लोहार (22 वर्ष), मो. अफजल (20 वर्ष), अरमान गनी (22 वर्ष), शिमला निवासी गोरा सोरेन (16 वर्ष) और हांसदा निवासी महेश हेंब्रम (17 वर्ष) शामिल हैं.
घटना के तुरंत बाद मो. अफजल और अरमान गनी के परिजन उन्हें लेकर चले गए, जबकि बाकी तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने सुनील लोहार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया. बाकी दो घायलों का उपचार सदर अस्पताल सरायकेला में जारी है.
जानकारी के अनुसार, सुनील लोहार, मो. अफजल और अरमान गनी एक बाइक पर बुरूडीह की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर गोरा सोरेन और महेश हेंब्रम खरसावां की ओर जा रहे थे. इसी दौरान शिमला के समीप दोनों बाइक आमने- सामने टकरा गईं. इस हादसे में सुनील लोहार का एक पैर टूट गया है और सिर में गंभीर चोट आई है.



