सरायकेला: खरसावां के केरसे मुंडा चौक से खूंटपानी के भोया तक पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क की राइडिंग क्वालिटी सुधार व सौंदर्यीकरण कार्य अब जांच के दायरे में आ गया है. करीब 12.89 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकायत के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी ने मामले की जांच का आदेश दिया है. इसके बाद खरसावां के अंचल अधिकारी ने निर्माण कंपनी एसके. टेकरीवाल कंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी कर 11 फरवरी को सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह परियोजना 12 दिसंबर 2025 से शुरू की गई थी. इसका उद्देश्य चाईबासा और चक्रधरपुर के बीच आवागमन को सुगम बनाना और सड़क की राइडिंग क्वालिटी में सुधार करना था. लेकिन कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. फिलहाल निर्माण कार्य और उससे जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की जा रही है.

