चाईबासा: अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने मझगांव थाना क्षेत्र के खड़पोस और ब्रह्मापानी गांव में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब बरामद की गई है.

उत्पाद निरीक्षक निर्भय सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम ने उत्पाद अधीक्षक रंजन तिवारी के निर्देश पर अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान खड़पोस गांव से रमेश गोप को गिरफ्तार किया गया. वहीं ब्रह्मापानी गांव में कार्रवाई के दौरान असरल तिरिया टीम को चकमा देकर फरार हो गया.
कार्रवाई के क्रम में लगभग 1000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर अवैध शराब बरामद की गई. शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

