चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले में हाथी हमलों में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर आक्रोश बढ़ने लगा है. मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के गोईलकेरा प्रखंड अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के सैतबा गांव निवासी 13 वर्षीय रेगा कायम, कुईड़ा पंचायत के कितापी गांव निवासी 47 वर्षीय चमपाई कुई तथा आराहासा पंचायत के सोवा गांव निवासी कुंद्रा बहांदा के पुत्र 2 वर्षीय सामु बहांदा और 6 वर्षीय कदमा बहांदा की पिछले जनवरी माह में दंतेल हाथी के हमले में मौत हो गई थी.

आजसू पार्टी के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व एनडीए प्रत्याशी डॉ. दिनेश चन्द्र बोईपाई और समाजसेवी अमित महतो ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने परिवारों को आर्थिक सहयोग और चावल प्रदान किया तथा शोक संवेदना व्यक्त की.
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों में जिले में हाथी हमलों में करीब 30 ग्रामीणों की जान जा चुकी है. घटना के एक महीने बीत जाने के बाद भी सरकारी मुआवजा नहीं मिलने से पीड़ित परिवारों में गहरा असंतोष है. समाजसेवी अमित महतो ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर सरकारी नियमों के तहत पूर्ण मुआवजा नहीं दिया गया तो परिवार और ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. वहीं डॉ. दिनेश चन्द्र बोईपाई ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा और जिला मुख्यालय का घेराव भी किया जा सकता है.
मौके पर बाबूलाल कोड़ा, निर्मल महतो, बासु बोईपाई, काटेराम बोईपाई, प्रेम मुंडा, राजेश बानरा, बाबुल कोडाह सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे.

