जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले की तीन बेटियों के अर्धसैनिक बल में चयनित होने पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने अपने कार्यालय कक्ष में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया. इन बेटियों ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है.

बीएसएफ और सीआईएसएफ में सामान्य आरक्षी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों में शबनम परवीन, पिता अजीम अंसारी, ग्राम केलाही, थाना मिहिजाम, जिला जामताड़ा (BSF), संजना कुमारी यादव, पिता भगवान यादव, ग्राम कुर्मीपाड़ा, थाना मिहिजाम, जिला जामताड़ा (BSF) तथा सुष्मिता हेम्ब्रम, पिता लुलीन हेम्ब्रम, ग्राम बानजोरी, थाना मिहिजाम, जिला जामताड़ा (CISF) शामिल हैं.
सम्मान समारोह के दौरान एसपी राज कुमार मेहता ने चयनित अभ्यर्थियों को सफलता पर बधाई दी और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने युवाओं से भी कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया.
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके माता-पिता को पुष्पगुच्छ, शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया. समारोह में मौजूद अधिकारियों और परिजनों ने बेटियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया.

