सरायकेला/ Pramod Singh पांड्रा पंचायत भवन में प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी गगराई की अध्यक्षता में सोमवार से संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पंचायत स्तर के कर्मियों ने भाग लिया.

संपूर्णता अभियान 2.0 नीति आयोग द्वारा आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित तीन माह का राष्ट्रीय अभियान है. यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलेगा. इसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों और प्रखंडों में बुनियादी सेवाओं को सुदृढ़ कर निर्धारित संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करना है.
अभियान के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशु टीकाकरण से जुड़े प्रमुख मानकों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. संबंधित विभागों को मिशन मोड में कार्य कर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी गगराई ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सामूहिक प्रयास और सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि गांव स्तर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए.
कार्यक्रम में आकांक्षी प्रखंड फेलो प्रीति सिन्हा, महिला पर्यवेक्षिका सविता सिन्हा, प्रभारी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अशोक महतो, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी संजीव कुमार सहित सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, प्रधान अध्यापिका, सेविका, एएनएम, सहिया और जलसहिया उपस्थित रहे.

